क्राइम दर्पण न्यूज
संवाददाता - रतन कुमार साह
सुपौल के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों ने मंदिरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। नगर परिषद वार्ड 25 स्थित कोशी कॉलोनी चौक के चंपावती मंदिर और महाकाल मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों को हैरानी में डाल दिया है। इसको लेकर मंदिर समिति और ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। बीती देर रात तीन अज्ञात चोर चंपावती मंदिर में घुस गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर माता चंपावती की प्रतिमा पर चढ़ाए गए लाखों रूपये के जेवरात समेत मंदिर की दान पेटी लेकर फरार हो गए। चोरों की पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है लोगों ने बताया कि अज्ञात चोरों ने बीती रात लाखों रुपए के समानों की चोरी की हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 11 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में घुसकर घंटी काटकर चोरी की थी,जिसका भी सीसीटीवी फुटेज़ है। इसके अलावा पूर्व में मंदिर से बिजली का मोटर चोरी होने और मुख्य द्वार का ताला तोड़े जाने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। वहीं, महाकाल मंदिर में भी दान पेटी से नकदी चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर समिति के अनुसार, सभी घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, जिसमें चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं लोगों के अनुसार ये चोर CNG ऑटो से चोरी करने आते हैं और घटना को अंजाम देने के बाद बड़ी आसानी से उसी से फरार हो जाते हैं बीती रात यानि 30 अप्रैल और 1 मई की मध्य रात भी अज्ञात चोरों ने ऐसा ही किया।इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद मंदिर समिति के लोगों ने तत्काल एसडीपीओ बिभाष कुमार को सूचना दी। एसडीपीओ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं में भय का माहौल है और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मंदिर समिति और क्षेत्रवासियों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
