फारबिसगंज थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर से तीन भैंस चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में पशुपालकों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित किसान सत्यनारायण मेहता ने बताया कि रात में चोर उनके घर के पास बंधी तीनों भैंस खोलकर ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो पशुओं के गायब होने की जानकारी मिली। काफी खोजबीन के बाद भी भैंसों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर क्षेत्र में लगभग चार किसानों की भैंस चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि चोर सुनियोजित तरीके से पशुपालकों को निशाना बना रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर जल्द रोक लगाने की मांग की है। वहीं फारबिसगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
