राजेश्वरी थाना क्षेत्र के चरने गांव में सोमवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोरी की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वार्ड संख्या 4 निवासी स्वर्गीय सीयाराम सरदार की पुत्री बंदना कुमारी के रूप में हुई है। उसका शव घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की पहली मंजिल पर खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया।
परिजनों ने बताया कि सोमवार रात भोजन के बाद बंदना घर में संचालित परचून दुकान में अपनी भतीजी के साथ सो रही थी। देर रात बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब परिजन दुकान पहुंचे तो बंदना वहां नहीं मिली। मोबाइल पर संपर्क करने पर उसने बाथरूम जाने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इसी दौरान विद्यालय की दिशा से दो बार चीखने की आवाज सुनाई दी। आशंका होने पर परिजन खोजबीन करते हुए विद्यालय पहुंचे, जहां पहली मंजिल पर बंदना मृत अवस्था में पड़ी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और मामले की जांच में जुट गई है। एसडीपीओ विभाष कुमार और एसपी शरत आर एस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। फिलहाल परिजन दुष्कर्म की आशंका से इंकार कर रहे हैं, जबकि पुलिस हत्या के कारणों और किशोरी के देर रात विद्यालय जाने के कारणों की जांच कर रही है।
