पटना: बिहार की राजधानी में आयोजित हुए मिसेज़ बिहार 2025 के भव्य फिनाले में भोजपुर के तरारी से भाजपा विधायक विशाल प्रशांत की पत्नी ऐश्वर्या राज ने विजेता का ताज अपने नाम कर लिया। 24 वर्षीय ऐश्वर्या ने अपनी पहली ही प्रतियोगिता में 13 फाइनलिस्ट को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब जीता। इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 21 से 55 वर्ष की महिलाओं ने भाग लिया था।
ऐश्वर्या राज एक राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पति विशाल प्रशांत तरारी उपचुनाव जीतकर विधायक बने हैं, जबकि उनके ससुर सुनील पांडेय बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे रहे हैं, जो चार बार विधायक रह चुके हैं और अपनी दबंग छवि व विवादों के लिए जाने जाते हैं।
ऐश्वर्या की शिक्षा पटना से प्रारंभ हुई और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक तथा वित्त (फाइनेंस) में मास्टर्स की डिग्री हासिल की। शादी से पहले वे एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थीं और एक नामी एयरलाइंस कंपनी में चयनित भी हुई थीं। खेलों में भी उनका रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है — उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल और एथलेटिक्स में बिहार का प्रतिनिधित्व किया है। आज वे एक साढ़े तीन साल के बेटे की माँ हैं।
सोशल मीडिया पर भी ऐश्वर्या की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उनके 28,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं। वे लग्जरी कार, फिटनेस, ट्रैवल और शॉर्ट वीडियो के लिए जानी जाती हैं। तरारी उपचुनाव के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर अपने पति के प्रचार में महिलाओं से सीधा जुड़ाव बनाया।
अब मिसेज़ बिहार का खिताब जीतने के बाद ऐश्वर्या राज ने न सिर्फ अपनी लोकप्रियता को और ऊंचाई दी है, बल्कि बिहार की महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं।
#MrsBihar2025 #AishwaryaRaj #BeautyWithBrains #TarariVidhayakPatni #WomenEmpowerment #BiharKiBeti